
परीक्षा केंद्र स्थानांतरण की मांग:छात्र संघ ने बीएस कॉलेज के प्राचार्य को कुलपति के नाम सौंपा आवेदन
लातेहार: आजसू छात्र संघ एवं बीएस कॉलेज ईकाई की ओर से बनवारी साहू महाविद्यालय बानपुर, लातेहार के प्राचार्य प्रदीप कुमार तिवारी को निलांबर–पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू), मेदिनीनगर के कुलपति के नाम एक आवेदन सौंपा।आवेदन के माध्यम से छात्र संघ ने अवगत कराया कि मनिका में निर्धारित परीक्षा केंद्र के कारण छात्र-छात्राओं को अत्यधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षा एवं आर्थिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों के लिए यह स्थिति एक गंभीर चुनौती बनी हुई है।
छात्रों के हित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आजसू छात्र संघ ने मांग की है कि परीक्षा केंद्र को पुनः बीएस कॉलेज, लातेहार अथवा लातेहार के किसी नजदीकी कॉलेज/विद्यालय में ही निर्धारित किया जाए, ताकि छात्र बिना किसी बाधा के परीक्षा में शामिल हो सकें।छात्र संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है तथा विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए उचित कदम उठाएगा।





