
पांकी मे अधेड़ को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
Palamu : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबला गांव में शनिवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।जहां अज्ञात लुटेरों ने लूटपाट के दौरान विरोध करने पर एक 50 वर्षीय अधेड़ को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया।घायल की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव निवासी पांडु सिंह के पुत्र बैजनाथ सिंह उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में की गई है।
घटना के बाद परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में बैजनाथ सिंह का इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार, बैजनाथ सिंह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे हुए थे, तभी चार नकाबपोश लुटेरे अचानक वहां पहुंचे और लूटपाट करने का प्रयास करने लगे।
इस दौरान जब बैजनाथ सिंह ने विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे गोली उनकी जांघ में लग गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी और पांकी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है और मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों की तलाश कर रही है।स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





