
फर्जी आईएएस-सीएओ बनकर दिखाता था रौब, चढ़ा पलामू पुलिस के हत्थे, भेजा गया जेल
Palamu : हुसैनाबाद थाना में खुद को 2014 बैच उड़ीसा कैडर का आईएएस व सीएओ बताकर अफसरों को गुमराह करने वाला व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। हुसैनाबाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के क्रम में आरोपी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर संदेह हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि वह किसी भी सरकारी सेवा में नहीं है। फर्जी आईएएस राजेश कुमार 6–7 वर्षों से फर्जी अधिकारी बनकर घूमने की बात कबूली है। राजेश कुमार हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव का निवासी है। तलाशी में आईपीटीएएफएस का फर्जी आईडी कार्ड, मोबाइल फोन, कोचिंग आईडी और कार पर लगा “भारत सरकार, सीएओ दूरसंचार विभाग” लिखा नकली नेम बोर्ड बरामद किया गया है। इस मामले में एसडीपीओ एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 01/26 (दिनांक 02.01.26) दर्ज कर आरोपी राजेश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में उनके निर्देशन में हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने के नेतृत्व में टीम गठित किया गया था। टीम में हैदरनगर थाना के एसआई धनंजय गोप,हुसैनाबाद थाना के एसआई मुकेश कुमार सिंह, बबलू कुमार व रमन यादव शामिल थे।





