बंशीधर नगर के विधायक की स्कॉर्ट गाड़ी हुआ दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे अंगरक्षक
Gadhwa : नगर उंटारी-गढ़वा मुख्य मार्ग पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में विधायक अनंत प्रताप देव की स्कॉर्ट गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस घटना में स्कॉर्ट वाहन में सवार अंगरक्षक बाल-बाल बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत प्रताप देव शनिवार की दोपहर श्री बंशीधर नगर में हुए गोलीकांड में घायल उमेश मेहता से मिलने गढ़वा जा रहे थे। इसी दौरान सीरियाटोंगर के पास रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक कमांडर जीप ने स्कॉर्ट वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया।
घटना में स्कॉर्ट गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अंगरक्षक सुरक्षित बच निकले।दुर्घटना के बाद कमांडर जीप का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इधर विधायक की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर श्री बंशीधर नगर क्षेत्र में तेजी से फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में विधायक के समर्थक घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए विधायक का हालचाल जाना तथा उनका हौसला बढ़ाया।




