
बरवाडीह में जल्द खुलेगा केंद्रीय विद्यालय,जीएम के आश्वासन से जगी उम्मीद
लातेहार:बरवाडीह में रेलकर्मियों के बच्चों की शिक्षा को लेकर लंबे समय से चल रही मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ती दिख रही है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU), डालटनगंज शाखा के लगातार प्रयासों के बाद महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के बरवाडीह दौरे के दौरान केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर सकारात्मक पहल सामने आई है। यूनियन ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट रूप से बताया कि बरवाडीह में कार्यरत रेलकर्मियों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण अभिभावकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी मांग को लेकर ECRKU लंबे समय से लगातार प्रयासरत रही है और विभिन्न स्तरों पर इस मुद्दे को उठाती रही है। महाप्रबंधक ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए बरवाडीह में जल्द ही केंद्रीय विद्यालय खोलने का आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के बाद रेलकर्मियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर देखी जा रही है। यदि यह योजना धरातल पर उतरती है, तो क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को सीधे लाभ मिलेगा और उन्हें बेहतर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सकेगा। हालांकि यूनियन ने अपने ज्ञापन में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया है, जिसमें लगभग 1500 रेलकर्मियों के लिए एक भी स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होने की बात कही गई है। लेकिन फिलहाल केंद्रीय विद्यालय को लेकर मिले आश्वासन को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। यूनियन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा, ताकि बरवाडीह को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान मिल सके।





