
बर्खास्त 251 अनुसेवकों की पदयात्रा, पुनः बहाली की मांग
Rahul Kumar @united palamu
लातेहार:पलामू जिले से पदयात्रा शुरू कर रांची की ओर जा रहे बर्खास्त अनुसेवकों ने रविवार शाम लातेहार थाना चौक स्थित होटल द ब्लिस में प्रेस वार्ता कर अपनी पीड़ा मीडिया के सामने रखी। अनुसेवकों ने बताया कि वे पलामू जिले के विभिन्न विभागों में वर्षों से कार्यरत थे, लेकिन 1 मार्च 2025 को बिना किसी नोटिस या स्पष्टीकरण के उन्हें अचानक बर्खास्त कर दिया गया, जिससे उनके सामने गंभीर आजीविका संकट खड़ा हो गया है।

9 मार्च को रांची में धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा ज्ञापन
बर्खास्त अनुसेवक कृष्णा पासवान ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर 3 मार्च से पदयात्रा शुरू की गई है, जो 8 मार्च को रांची पहुंचेगी। इसके बाद 9 मार्च को धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि न उनके पास यात्रा का भाड़ा है और न ही भोजन की समुचित व्यवस्था, फिर भी वे न्याय की उम्मीद में पैदल चल रहे हैं।
पदयात्रा हेमंत सरकार तक अपनी बात पहुँचाने का माध्यम है:राकेश कुमार ठाकुर
अनुसेवक राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि यह पदयात्रा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक अपनी बात पहुंचाने का माध्यम है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि लातेहार के विधायक प्रकाश राम ने मानवता के नाते अनुसेवकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था कराई, जिसके लिए सभी अनुसेवकों ने उनका आभार जताया। विधायक प्रकाश राम ने विधानसभा सत्र के दौरान दो बार अनुसेवकों की बर्खास्तगी का मुद्दा उठाया है तथा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से भी इस विषय पर मुलाकात की है।
विधायक प्रतिनिधि ने कहा–बिना नोटिस के अनुसेवकों को हटाना पलामू जिला प्रशासन की गंभीर त्रुटि है।
लातेहार विधायक प्रतिनिधि पवन गुप्ता ने कहा कि बिना कारण और बिना नोटिस के 251 अनुसेवकों को हटाना पलामू जिला प्रशासन की गंभीर त्रुटि है। उन्होंने कहा कि अनुसेवकों ने अपना पूरा जीवन जिला प्रशासन की सेवा में बिताया है और अब उनकी उम्र ऐसी हो चुकी है कि वे दूसरी नौकरी पाने की स्थिति में नहीं हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।बर्खास्त अनुसेवकों की प्रमुख मांगों में सभी अनुसेवकों का एकमुश्त समायोजन, बर्खास्त किए गए दो मृतक अनुसेवकों के आश्रित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति, छत्तीसगढ़ सरकार की तर्ज पर कैबिनेट प्रस्ताव लाकर समायोजन तथा समायोजन तक पलामू जिले में नई नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक शामिल है। अनुसेवकों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे आंदोलन को और तेज करेंगे।प्रेस वार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह, विशाल चंद्र साहू, संत कुमार गुप्ता सहित सभी बर्खास्त 251 अनुसेवक उपस्थित थे।




