
भाजपा की कार्यप्रणाली देख दुनिया है हैरान: पीयूष गोयल

लखनऊ : केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के हम सदस्य हैं। दुनिया हैरान है कि जितने व्यवस्थित व लोकतांत्रिक तरीके से सदस्य बनाने से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने का काम आपसी समन्वय से ही होता है, जो कि अकल्पनीय है।केंद्रीय वाणिज्य मंत्री गोयल रविवार काे यहां डाॅ राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयाेजित भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व समारोह में नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के आधिकारिक घोषणा करने के बाद संबाेधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व के अवसर पर मुझे बड़ी प्रसन्नता हो रही है कि यह घोषित करते हुए कि सर्वसम्मति से केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।पीयूष गोयल ने कहा कि 1.62 लाख बूथों पर चुनाव होता है और सर्वसम्मति से घोषणा होती है। इसका सारा श्रेय पार्टी कार्यकर्यताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा अटल बिहारी बाजपेयी ने जिस प्रकार से पार्टी को आगे बढ़ाया, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में पार्टी का लगातार विस्तार हो रहा है, उसी के बलबूते हम आज इतनी बड़ी संख्या में यहां एकत्र हुए हैं।




