भाजपा राज्य के सभी जिलों में 17 अप्रैल को बिजली के मुद्दे पर करेगी बड़ा प्रदर्शन

Ranchi : झारखंड के सभी जिलों में 17 अप्रैल को बिजली के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदर्शन करेगी। यह निर्णय झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में गठित नई टीम के प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक में लिया गया।

प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक प्रारंभ होने के साथ सबसे पहले सभी नए पदाधिकारियों का प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। साथ ही सभी को नए दायित्व की शुभकामनाएं दी गईं।

मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि यह पद नहीं जिम्मेवारी है। पार्टी की नीतियों कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने की बड़ी जिम्मेवारी है। इसे प्रदेश पदाधिकारी एक टीम भावना के साथ पूरा करें।

उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा। देश का स्वाभिमान व सम्मान बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी झारखंड की वर्तमान सरकार से ऊब चुका है।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा ने अलग राज्य का गठन कराया है । हम इसे लूटते बर्बाद होते नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेवारियों के साथ हम राजनीतिक मैदान में उतरेंगे, तो हमें चैन से नहीं बैठना है और इस अत्याचारी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प पूरा करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2029 में झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनाना ही पार्टी का लक्ष्य है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी पूरा होगा जब झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनेगी। राज्य की जनता हमारे साथ है। आप पदाधिकारियों पर बड़ी जिम्मेवारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारी से राज्य सरकार के काले कारनामों को अपने अपने स्तर से जनता के समक्ष लाने की बात भी कही।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है। हेमंत सोरेन की सरकार में जनहित का कोई काम नहीं हो रहा है। कह सकते हैं कि हेमंत सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा की नवगठित टीम में ऊर्जावान नेताओं की फौज है। उन्होंने नए पदाधिकारियों से राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के साथ पदाधिकारियों को लगातार सांगठनिक दौरा करने का भी निर्देश दिया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!