
महिला दिवसपर महिलाओं ने लिया सशक्ति करण का संकल्प
गारू : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गारू प्रखंड के मिशन स्कूल के समीप मैदान में महिलाओं की भागीदारी से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं और युवतियों ने जागरूकता रैली निकालकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। हाथों में बैनर और फूल लिए महिलाएं कतारबद्ध होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचीं। रैली के दौरान शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अधिकार से जुड़े नारे लगाए गए। छोटी बच्चियों ने भी रैली में भाग लेकर समाज को यह संदेश दिया कि नारी शक्ति हर आयु वर्ग में मौजूद है।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने समूह बनाकर लोकगीत प्रस्तुत किए तथा पारंपरिक नृत्य से सांस्कृतिक रंग भी बिखेरा। विभिन्न गांवों से आई महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर महिलाओं को सम्मानित भी किया गया और महिला एकजुटता का संदेश दिया गया।मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य जीरा देवी ने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन आगे बढ़ने के लिए शिक्षा और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गारू प्रखंड में कई पंचायतों में महिलाएं जनप्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है।उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और महिला सम्मान को मजबूत करने का संकल्प लिया।





