
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 10 लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण
बारियातू:मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत शनिवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित पशु चिकित्सालय में 10 लाभुकों के बीच बकरा-बकरी का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया गया।वितरण कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य सोनी देवी एवं पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुशीला बागे ने संयुक्त रूप से लाभुकों को बारी-बारी से बकरा-बकरी प्रदान किया। इस अवसर पर सोनी देवी ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों के लिए काफी लाभकारी है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे।वहीं डॉ. सुशीला बागे ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत इस योजना में 75 से 90 प्रतिशत अनुदान पर प्रत्येक लाभुक को दो बकरा एवं आठ बकरियां उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही पशुओं को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक दवाएं भी प्रदान की गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान टोंटी उपमुखिया जितेंद्र कुमार साव, वार्ड सदस्य काशीनाथ उरांव, पशु चिकित्सा कर्मी विनोद बैठा समाजसेवी मो शाहिद सहित कई पशु कर्मी,ग्रामीण एवं लाभुक उपस्थित रहे।





