मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज को एक्सपायरी पानी चढ़ाने पर परिजनों ने किया हंगामा
Palamu : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुधवार की रात एक मरीज को एक्सपायरी एनएस पानी चढ़ा दिया गया। यह पानी 1 जनवरी 2026 को ही एक्सपायर हो चुका था। जिसके कारण मरीज के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। हंगामा की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान विकास कुमार,गौरव कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर मामला को शांत कराया।

जानकारी के अनुशार तरहसी थाना क्षेत्र के स्थानीय निवासी रविंद्र नाथ शुक्ला के पुत्र राजीव रंजन शुक्ला उम्र 40 वर्ष गुरुवार को किसी काम से बाइक पर सवार होकर मेदिनीनगर आए हुए थे। शाम में घर लौटने के क्रम में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुंदरी गांव के पास अज्ञात वाहन के धक्के से गिरकर वह घायल हो गए थे। जिसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था।
अस्पताल में इलाज के दौरान मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सा कर्मियों ने उन्हें एक्सपायरी एनएस पानी चढ़ा दिया।जिसके कारण मरीज की हालत बिगड़ने लगी। इस बात से गुस्से होकर मरीज के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हल्ला हंगामा किया।
हंगामा होने की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान विकास कुमार गौरव कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर मामला को शांत कराया। वही मौके पर उपस्थित मरीज के परिजनों ने कहा की अस्पताल प्रशासन की यह बहुत बड़ी लापरवाही है। एक्सपायरी पानी चढ़ाने की वजह से किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है।
अस्पताल में भर्ती अन्य मरीज के परिजनों ने बताया कि उनके मरीजों को भी एक्सपायरी पानी चढ़ाया गया था। एक्सपायरी पानी चढ़ने की वजह से एक मरीज के मुंह से फेन भी निकल रहा था।




