मोदी जी का ‘मन की बात’ देश की सामूहिक शक्ति को बढ़ाने वाला कार्यक्रम है: बाबूलाल
रांची : भारतीय जनता पार्टी के रांची प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी 29 मार्च को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर जिला स्तर के संयोजकों और सह संयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारी, व्यापक जनभागीदारी और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देश के जन-जन से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से प्रधानमंत्री देश की जनशक्ति को जागृत करने का कार्य कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस कार्यक्रम में झारखंड की प्राकृतिक धरोहरों, गुमनाम सामाजिक कार्यकर्ताओं और महापुरुषों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का काम किया गया है।

बैठक में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने भी संगठन पर्व से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन ‘मन की बात’ के प्रदेश संयोजक कुमार अमित ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रांची महानगर महामंत्री बलराम सिंह ने दिया। बैठक में सभी जिलों के कार्यक्रम संयोजक और सह संयोजक उपस्थित रहे और 29 मार्च के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति तय की गई।




