
यातायात के नियमों का उलंघन करने वाले चालकों पर की गयी डिजिटल कार्रवाई
लातेहार:उपायुक्त, लातेहार उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर लातेहार जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पूर्व से ही सख्त कार्रवाई की जा रही है।जिले में सीसीटीवी आधारित ऑनलाइन चालान प्रणाली से फाइन करने का मुख्य कारण सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को नियमों के प्रति जागरूक बनाना है।अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक एवं जिला परिवहन पदाधिकारी लातेहार उमेश मंडल द्वारा संयुक्त रूप से बालूमाथ थाना के सीसीटीवी से 53, लातेहार धरमपुर चौक के सीसीटीवी से 68, कुल 121 बिना हेलमेट वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए लगभग ₹1,21,000 का जुर्माना वसूला गया।यह अभियान लगातार जारी रहेगा।उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें। जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जा रही है, ताकि लातेहार को सुरक्षित यातायात वाला जिला बनाया जा सके।





