रांची में अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन की कार्रवाई, छापेमारी में सिलेंडर और रिफिलिंग मशीन बरामद
Ranchi : राजधानी रांची में घरेलू गैस (एलपीजी) की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में एदलहातु क्षेत्र में एक मकान में छापेमारी कर घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और रिफिलिंग के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया गया।
यह कार्रवाई 24 मार्च की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई। प्रशासनिक टीम ने रात में छापा मारा। जांच में पाया गया कि मकान किराए पर लेकर वहां घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे और व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रूप से भरी जा रही थी, जिन्हें बाद में ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

छापेमारी के दौरान कुल 3 भरे हुए और 2 खाली 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर, 5 किलोग्राम का एक छोटा सिलेंडर, 19.2 किलोग्राम के दो व्यावसायिक सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और गैस मापने की डिजिटल वेट मशीन बरामद की गई।
जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर सभी बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिया। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध गैस भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि गैस जैसी आवश्यक वस्तु की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, हाल के दिनों में रांची में एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद निगरानी बढ़ाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान तेज किया गया है।




