रांची-लोहरदगा-टोरी रेल सेवा हुआ बहाल, यात्रियों में खुशी की लहर

Lohardaga : लंबे इंतजार के बाद रांची-लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन एक बार फिर शुरू हो गया है। करीब तीन महीने से बंद इस रेल सेवा के बहाल होने से यात्रियों में हर्ष का माहौल है और लोगों ने राहत की सांस ली है।

रांची रेल मंडल की डीआरएम करूणा निधि सिंह ने लोहरदगा स्थित कोयल नदी पर बने रेलवे पुल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि 4 जनवरी को पुल के पिलर में आई तकनीकी खराबी के कारण लोहरदगा स्टेशन तक ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था।

रेलवे ने 31 मार्च तक मरम्मत कार्य पूरा कर सेवा बहाल करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन निर्धारित समय से पहले ही कार्य पूरा कर शनिवार से सभी ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया है।

डीआरएम ने जानकारी दी कि अब इस रूट से पहले की तरह सभी ट्रेनें चलेंगी। साथ ही आनंद विहार (दिल्ली) तक जाने वाली ट्रेन का परिचालन भी लोहरदगा मार्ग से पुनः शुरू किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि लोहरदगा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत सुंदरीकरण किया गया है। स्टेशन का नया रूप जल्द ही यात्रियों को देखने को मिलेगा, जिसका उद्घाटन तिथि तय होते ही किया जाएगा।

डीआरएम ने यात्रियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब इस रेलखंड पर परिचालन पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में किसी प्रकार की बाधा की संभावना नहीं है।

उन्होंने यात्रियों से निर्भीक होकर इस रूट से यात्रा करने की अपील की।

रेल सेवा बहाल होने से खासकर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

लंबे समय से बंद इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग के चालू होने से क्षेत्रीय आवागमन को बड़ी राहत मिली है।


United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!