रेड़मा ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में शुरू है रामचरितमानस का पाठ और प्रवचन
राम कथा श्रवण से जीवन में आता है धर्म, मर्यादा और शांति : देवी चंद्रकला
Palamu : रेड़मा ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम चरित मानस नवाह परायण यज्ञ के प्रथम दिवस पर मानस विदूषी एवं राम कथा वक्ता देवी चंद्रकला ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री राम कथा अनंत है और इसका श्रवण मनुष्य को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि राम कथा सुनने से जीवन में मर्यादा का बोध होता है तथा मन में शांति और सकारात्मकता का संचार होता है।

देवी चंद्रकला ने अपने प्रवचन में कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य,करुणा,त्याग, कर्तव्य और सम्मान के मार्ग पर चलना सिखाते हैं।राम कथा केवल एक धार्मिक आख्यान नहीं,बल्कि मानव जीवन को श्रेष्ठ बनाने वाली दिव्य शिक्षा है। इसे श्रद्धा और विश्वास के साथ सुनने से मन के विकार दूर होते हैं आत्मबल बढ़ता है और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा भाव से राम कथा का श्रवण करता है उसके भीतर भक्ति,विनम्रता और सदाचार के गुण स्वतः विकसित होने लगते हैं।इससे परिवार और समाज में प्रेम,सौहार्द और नैतिकता की भावना मजबूत होती है। संत-महात्मा सदियों से राम कथा को लोककल्याण का सर्वोत्तम साधन बताते आए हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से समय-समय पर राम कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धर्ममय,मर्यादित और सार्थक बनाने का आह्वान किया।
इससे पूर्व नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर मनोज सिंह ने श्री रामचरितमानस की भव्य आरती कर प्रवचन का शुभारंभ किया।
उन्होंने रेड़मा ठाकुरबाड़ी में चल रहे 59वें अधिवेशन की सराहना करते हुए कहा कि इस पवित्र ग्रंथ से हमें जीवन जीने की महत्वपूर्ण सीख मिलती है।
कार्यक्रम में यज्ञ समिति के अध्यक्ष रिंकू तिवारी,कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तिवारी “बंटू”, मंत्री पिंकू तिवारी सहित कई गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।




