
लातेहार जिला स्थापना के 25 वर्ष पूरे, 4 अप्रैल को “Run for Latehar” व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
लातेहार: लातेहार जिला स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 4 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन द्वारा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए “Run for Latehar” के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले की समृद्ध विरासत और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी।“Run for Latehar” का आयोजन जिले के सभी प्रखंडों में अधिसूचित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर किया जाएगा। इस दौड़ में जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, खिलाड़ियों, युवाओं एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मार्ग में प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने पर्यटन स्थलों को उनके महत्व के आधार पर चार श्रेणियों—अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय और स्थानीय—में वर्गीकृत किया है। अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में नेतरहाट, बेतला नेशनल पार्क और भेडिया अभयारण्य शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर सुग्गा बांध जलप्रपात, मिरचइया जलप्रपात, लोध जलप्रपात और केचकी संगम को स्थान दिया गया है।राज्य स्तरीय महत्व में मां उग्रतारा देवी मंदिर, कांति झरना, द्वादषी घाटी व्यू प्वाइंट, तापा पहाड़ और ललमटिया डैम शामिल हैं। स्थानीय श्रेणी में ततहा पानी, कमलदाहा झील, डाटम-पाटम झरना, सुर्कई घाघरी जलप्रपात, केन्द्रा घाघ जलप्रपात, नारायणपुर किला, तुबेद गुफा, इन्द्र दावान झरना, मुन बाबा मंदिर, पहाड़ी मंदिर, उदयपुर कोना पहाड़ी और इटको बांध जैसे कई प्रमुख स्थल शामिल हैं।इसी दिन संध्या 6 बजे जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध इंडियन रोलर बैंड की प्रस्तुति के साथ ट्राइबल फूड फेस्टिवल, छऊ नृत्य और ट्राइबल फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम में आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लातेहार के 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की है।





