
लातेहार जिला स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे,भव्य आयोजन की तैयारियां तेज

लातेहार:जिला स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में विभिन्न भव्य एवं आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं भव्य तरीके से किया जाए, ताकि जिले की गरिमा और उपलब्धियों को बेहतर ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने पर जोर दिया। साथ ही यह भी कहा कि कार्यक्रमों में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, जिससे उत्सव का माहौल बने।पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी आयोजन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, खेलकूद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, सम्मान समारोह समेत विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई।अधिकारियों को इन सभी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपते हुए समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता राम रविदास, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खालको सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं ऑनलाइन जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।




