
लातेहार में कांग्रेस का एकदिवसीय उपवास धरना, मनरेगा का नाम बदलने का किया विरोध

Rahul Kumar @ united palamu
लातेहार : जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शुक्रवार को लातेहार शहर स्थित विवेकानंद पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध में एकदिवसीय उपवास धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कामेश्वर प्रसाद यादव ने की।

मनरेगा खत्म करने की साजिश के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : कामेश्वर यादव
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा गरीब और मजदूर वर्ग के अधिकारों को छीनना चाहती है। महात्मा गांधी के नाम को हटाकर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रखंड और पंचायत स्तर तक चलाया जाएगा।युवा जिला अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल मनरेगा का नाम बदलना नहीं है, बल्कि धीरे-धीरे इस योजना को समाप्त करना है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रहेगा।

भाजपा गांधी के विचारों को मिटाना चाहती है : हरिशंकर यादव
जिला उपाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज भी दुनिया के कई देशों में गांधी जी की प्रतिमाएं लगी हुई हैं। भाजपा सरकार की मानसिकता यह दर्शाती है कि वह किस हद तक गिर सकती है।महिला जिला अध्यक्ष अनिता देवी ने भाजपा सरकार को गरीब, मजदूर और महिला विरोधी बताते हुए कहा कि यह सरकार चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।सेवा दल अध्यक्ष बृंद बिहारी यादव ने कहा कि जब तक मनरेगा का बदला गया नाम वापस नहीं लिया जाता, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।
प्रदेश प्रतिनिधि रविंद्र राम ने कहा कि जिला स्तर पर उपवास कार्यक्रम के बाद अब प्रत्येक प्रखंड और पंचायत में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मनरेगा मजदूरों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मोतीउर रहमान, विश्वनाथ पासवान, सुरेंद्र भारती, गूंजर उरांव, प्रिंस गुप्ता, दरोगी यादव, आमिर हयात, मोती उरांव, अख्तर अंसारी, सुनील प्रसाद, साजिद अंसारी, फूलचंद यादव, रंजीत साहू, इमरान अंसारी, सकलदीप उरांव, चंदन गुप्ता, हसमद अंसारी, मुनिप, मनोज पासवान, मंजू देवी, सोनू, दानिश, पंकज उरांव, रंजीत गंझू, अरुण यादव, बिनेश्वर, दीपक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।




