लेखक, शिक्षाविद सह सामाजिक मंच के उम्दा हस्ताक्षर को अंतिम प्रणाम, अविनाश देव ने दी श्रद्धांजलि
Palamu : शहर के प्रख्यात लेखक, शिक्षाविद सह समाजसेवी एस. सी. मिश्रा (सुभाष चंद्र मिश्रा) के श्राद्धकर्म में लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव भी शामिल हुए और दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम प्रणाम किया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान, उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं और सभी ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया। अविनाश देव ने कहा कि स्व. मिश्रा उनके सामाजिक जीवन के गुरुदेव और मार्गदर्शक थे। उन्होंने संकल्प लिया कि वे उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
परिजनों से मिलते समय भावुक माहौल देखने को मिला। दिवंगत के बड़े पुत्र प्रभात सुमन ने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का प्रयास करेंगे और समाज से जुड़े रहेंगे, वहीं परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने की बात कही।
सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि स्व. एस. सी. मिश्रा के निधन से पलामू का साहित्यिक, शैक्षणिक व सामाजिक मंच सूना हो गया है। जिस स्थान पर कभी उनकी हंसी-ठिठोली गूंजती थी, आज वहां शोक और सन्नाटा पसरा है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।




