लेस्लीगंज : बारात में युवक को लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
Palamu : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय सनसनी फैल गई, जब जयमाला के बाद अचानक गोली चल गई। इस घटना में गढ़वा थाना क्षेत्र के कोटमा गांव निवासी संजय चौधरी के पुत्र कमल चौधरी के पैर में गोली लग गई।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि कमल चौधरी अपने चाचा के बेटे राहुल चौधरी की शादी समारोह में शामिल होने लेस्लीगंज के नौगढ़ गांव गया हुआ था। जयमाला के बाद बाराती और घराती पक्ष के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

इसी दौरान आरोप है कि लड़की का चाचा शिक्षक राकेश चौधरी ने कोमल चौधरी के पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान महेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।
फिलहाल घायल युवक का इलाज मेदिनीनगर एमएमसीएच में जारी है।




