वियतनाम के लिए संसदीय मैत्री समूहों का लीडर बने पलामू के सांसद वीडी राम
Palamu : विश्व के विभिन्न देशों के साथ भारत के संसदीय संबंधों को सुदृढ़ करने की दिशा में भारत ने विश्व के 60 से अधिक देशों के साथ संसदीय मैत्री समूहों का गठन किया है। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला के द्वारा पलामू के सांसद को वियतनाम के लिए संसदीय मैत्री समूहों का लीडर के रूप में मनोनीत किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के अनुभवी सांसदों को इन मैत्री समूहों में नेतृत्व की ज़िम्मेदारी सौंपी गयी है। इस पहल से सांसदगण अपने विदेशी समकक्षों से सीधे संवाद कर अपना अनुभव साझा कर पाएंगे एवं एक-दूसरे की सर्वोत्तम संसदीय प्रथाओं से सीख सकेंगे।
इस संबंध में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि संसद से संसद और जनता से जनता के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर देते हुए यह पहल हमारे संसदीय संबंधों में एक व्यापक और भागीदारी आधारित दृष्टिकोण दर्शाती है। इससे भारत की संसद के विश्व की विभिन्न संसदों के साथ प्रत्यक्ष और नियमित संवाद को बढ़ावा मिलेगा तथा हमारी ट्रेडीशनल डिप्लोमेसी के साथ साथ पार्लियामेंट्री डिप्लोमेसी को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन पार्लियामेंट्री फ्रेंडशिप ग्रुप्स के माध्यम से सांसदों के बीच संसदीय परिपाटियों के साथ ही तकनीक, सामाजिक नीतियों, संस्कृति और आज की वैश्विक चुनौतियों जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
60 से अधिक देशों के साथ मैत्री समूह स्थापित किए गए हैं।इससे विभिन्न देशों के साथ हमारे संसदीय सहयोग को तो बढ़ावा मिलेगा ही, साथ ही इन देशों से हमारे द्विपक्षीय संबंध भी प्रगाढ़ होंगे।
पलामू के सांसद वीडी राम ने कहा कि इसके लिए पलामू संसदीय के क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से देश की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अध्यक्ष लोकसभा ओम बिरला के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूं।




