विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर का होगा समग्र विकास, प्रशासन ने बढ़ाया हाथ

Gaya Jee : बोधगया स्थित विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर प्रस्तावित महाबोधि कॉरिडोर परियोजना पर प्रशासन ने गति बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में बोधगया बीटीएमसी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यटन, आधारभूत संरचना और स्थानीय रोजगार को केंद्र में रखकर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में बोधगया विधानसभा क्षेत्र के विधायक, नगर परिषद अध्यक्ष, बीटीएमसी सचिव, होटल एवं टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन, मठाधीश, टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन, वार्ड पार्षद सहित विभिन्न स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया और अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि विकास योजना का केंद्र महाबोधि मंदिर होगा। कॉरिडोर का डिजाइन इस तरह तैयार किया जा रहा है कि बोधगया को वैश्विक पर्यटन मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके और स्थानीय लोगों को रोजगार व बेहतर सुविधाओं का लाभ मिले। पहले चरण में एयरपोर्ट से बोधगया तक आने वाले पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पर्यटकों के लिए मिलेगी ये सुविधा ?

योजना के तहत विभिन्न नोड विकसित किए जाएंगे। नोड-01 में पार्किंग की व्यवस्था होगी, जबकि नोड-02 में भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मंदिर तक पैदल मार्ग पर भगवान बुद्ध के विचारों और जीवन दर्शन से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित करने की योजना है। जयप्रकाश उद्यान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा और नदी किनारे घाटों का निर्माण होगा, जिससे छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

परियोजना में अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेस्टोरेंट, बड़े पार्किंग स्थल, आधुनिक शौचालय और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था शामिल है। फुटपाथ और सब्जी विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित दुकानें उपलब्ध कराने की भी योजना बनाई गई है। रिवर साइड रोड से बोधगया तक डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा और पटना से आने वाले पर्यटकों के लिए दोमुहान के पास बड़े साइनेज लगाए जाएंगे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!