
शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार
लातेहार:विद्यासागर आवासीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रद्युमन प्रसाद पर छात्रों की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है।इस घटना में छात्र प्रेमचंद सिंह के होंठ पर गंभीर चोट आई है, जिसमें टांके लगाने पड़े हैं।मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रेमचंद सिंह और अभय सिंह विद्यालय नहीं गए थे। अगले दिन विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक प्रद्युमन प्रसाद ने अनुपस्थित रहने के कारण दोनों छात्रों की पाइप, लात और जूतों से बेरहमी से पिटाई कर दी।मारपीट से बचने के लिए दोनों छात्र किसी तरह अपनी जान बचाकर स्कूल परिसर से भाग निकले। घायल अवस्था में रोते हुए जब वे घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, तो परिजन आक्रोशित हो उठे।इसके बाद प्रेमचंद सिंह के पिता बंधन सिंह और अभय सिंह के पिता संतू सिंह मनिका थाना पहुंचे और मामले में न्याय की मांग करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।




