सतबरवा : 2 कार की भीषण टक्कर में छह व्यक्ति घायल, एक महिला की मौत
Palamu: सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव के समीप दो कार के बीच हुई भीषण टक्कर में दोनों कार पर सवार ड्राइवर सहित छह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक महिला की मौत हो गई।मृतक की पहचान रांची आजाद बस्ती फूलबगान मोहल्ला निवासी फरहान अख्तर की पत्नी नाहिद प्रवीण के रूप में की गई है।

घायलों में राजू उर्फ फरहान खान उम्र 40 वर्ष,इसरत प्रवीण 50 वर्ष,अफजल खान,कौशर खान,ड्राइवर मोहम्मद सुलतान आलम भी रांची आजाद बस्ती फूलबगान मोहल्ला के रहने वाले है। जबकि दूसरे कार पर सवार घायल ड्राइवर की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव निवासी कमरूदीन अंशारी के पुत्र आफताब अंसारी उम्र 25 वर्ष के रूप में की गई है।इस घटना के बारे में परिजनों ने बताया कि सभी व्यक्ति रांची से एक कार पर सवार होकर मेदिनीनगर चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नई मोहल्ला निवासी रियाज अंसारी के घर आए थे।
मंगलवार की शाम सभी लोग एक कार पर सवार होकर रांची अपने घर जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव के समीप उनकी कार की टक्कर दूसरे कार चालक आफताब अंसारी के कार से हो गई। जिसमें दोनों कार पर सवार सात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा इस घटना की जानकारी सतबरवा थाना की पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सतबरवा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक महिला नाहिद प्रवीण को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में ही डॉक्टर रोहित पांडे के देखरेख में चल रहा है।वही घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई सुशीला टीयू और पुलिस जवान अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं। घटना के बाद पुलिस दोनों वाहनों को जप्त कर थाना ले गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।



