सरना धाम में धूमधाम से सम्पन्न हुआ भगवान शिव–माता पार्वती विवाह

Latehar: गारु सरनाधाम बारेसाढ़ स्थित मानस मणि सेवा संस्थान द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य विवाह उत्सव दिन में पूरे श्रद्धा, भक्ति एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से सम्पन्न कराया गया। इस भव्य आयोजन में गारु एवं आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित होकर पूजा अर्चना में शामिल हुए और भगवान से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।मंदिर परिसर को फूलों, रंगीन झालरों एवं आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था। विवाह अनुष्ठान की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिसे पुजारी रमेश आचार्य द्वारा विधिवत सम्पन्न कराया गया। उनके नेतृत्व में वरमाला, कन्यादान, सप्तपदी, फेरे एवं सिंदूरदान सहित विवाह की सभी पारंपरिक रस्में पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुईं।विवाह उत्सव के दौरान भगवान शिव की बारात विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बारात में भगवान विष्णु, ब्रह्मा, नारद मुनि, इंद्र देव एवं शिवगणों के साथ-साथ भूत-प्रेत की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। श्रद्धालु बाराती बनकर ढोल-नगाड़ों की गूंज पर नाचते-गाते हुए बारात में शामिल हुए और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।कार्यक्रम के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु बारेसाढ़ थाना के पु.अ.नि. विजय कुमार महतो, धर्मेंद्र कुमार एवं पुलिस बल की विशेष उपस्थिति रही। पुलिस प्रशासन की सतर्कता से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।विवाह समारोह के उपरांत भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जो क्षेत्र में धार्मिक आस्था, संस्कृति एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करती है। इस भव्य आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव-पार्वती से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!