सांसद ने गढ़वा के बरगढ़ व बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय एवं पलामू के रेड़मा में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा खोलने का मामला सदन में उठाया
alamu : पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने बुधवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत मेदिनीनगर के रेड़मा में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पुनः संचालन, गढ़वा जिला के बरगढ़ एवं बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखाएँ खोलने से संबंधित जनता से जुड़ी हुयी एक अत्यंत महत्वपूर्ण मामले को उठाया।
श्री राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत दोनों जिले पलामू एवं गढ़वा आकांक्षी जिलों में सम्मिलित है। आकांक्षी जिलों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार निश्चित रूप से सराहनीय है, परंतु भारतीय स्टेट बैंक की सेवाओं की उपलब्धता से संबंधित कुछ गंभीर समस्याएँ क्षेत्र में उत्पन्न हो गयी है।
विदित है कि पलामू जिला के मुख्यालय मेदिनीनगर के रेडमा क्षेत्र में पूर्व में संचालित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा को बंद कर दिया गया है, रेडमा जिला मुख्यालय पलामू का एक घनी आबादी वाला और व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। इस शाखा के बंद होने से हजारों खाताधारकों, पेंशनभोगियों तथा व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

इन सभी ग्राहकों को मेदिनीनगर स्थित मुख्य शाखा में स्थानांतरित कर दिया गया है, जो पहले से ही अत्यधिक भीड़भाड़ का सामना कर रही है, जिससे लंबी कतारें और बैंक सेवा गुणवत्ता में गिरावट देखी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, गढ़वा जिले के बरगढ़ एवं बिशुनपुरा प्रखंड मुख्यालयों में भी भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखाएँ खोले जाने की आवश्यकता है, ताकि आदिवासी एवं ग्रामीण आबादी को बैंकिंग सेवाओं, किसान क्रेडिट कार्ड तथा सरकारी योजनाओं के प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण का लाभ आसानी से मिल सके।
सांसद ने सदन में कहा कि आपके माध्यम से वित मंत्रालय, भारत सरकार से अनुरोध करता हूँ कि रेडमा शाखा के पुनः संचालन, बरगढ़ एवं बिशुनपुरा प्रखंड में नई शाखाएँ खोलने की कृपा की जाय।




