सारंडा के जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा 205 बटालियन का जवान घायल
Ranchi : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा के जंगल में सोमवार सुबह एक बार फिर नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान लगाए गए आईईडी में विस्फोट होने से कोबरा 205 बटालियन के जवान अनुज कुमार घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह है कि जवान की स्थिति गंभीर नहीं है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
बालिबा गांव के समीप सारंडा जंगल के चडरा डेरा क्षेत्र में सुरक्षा बल नियमित तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान अचानक विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर जवान अनुज कुमार घायल हो गए। साथियों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची ले जाने की तैयारी की गई है, जहां अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

घटना की पुष्टि करते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि नक्सलियों द्वारा इस तरह के कायराना हमले पहले भी किए जाते रहे हैं, जिनमें कई निर्दोष ग्रामीणों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले समय में इसे और तेज किया जाएगा।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। आसपास के जंगलों में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस संबंध में जांच कर रही हैं और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।



