सुपूर्द ए खाक हुए समीर खलीफा, पढ़ें पूरी घटना की इनसाइड स्टोरी
Palamu : जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित पालिका बाजार में गुरूवार रात एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना को तीन अपराधियों ने अंजाम दिया। मृतक की पहचान मेदिनीनगर के कांजी हाउस मोहल्ला निवासी समीर खलीफा उर्फ गुड्ड (36) के रूप में हुई है। घटना रात्रि में हुई।
घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इस घटना को पूर्व झामुमो नेता लड्डू रंगरेज हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। समीर इस केस में गवाह था। 14 साल पहले लड्डू रंगरेज की हत्या फैज खान ने गोली मारकर की थी। कुछ दिन पहले ही फैज लड्डू रंगरेज हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। लड्डू रंगरेज हत्याकांड में गवाही देने के कारण ही इस घटना को देखा जा रहा है। पुलिस इलाके की घेराबंदी पर छानबीन में जुटी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। मौके से पुलिस को चार खोखा बरामद हुआ है।

जानकारी के अनुसार तीन अपराधी अचानक पालिका बाजार के बरामदे में पहुंचे और समीर खलीफा को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। अपराधियों ने समीरा को दो गोली मारी। एक गोली समीर के पीठ के हिस्से में लगकर सीने में जाकर फंस गयी। एक गोली पैर में मारी गयी। इस दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए 05 से 06 राउंड आस पास फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
समीर खलीफा उर्फ गुड्ड के साथ इस्राइल आजाद उर्फ मिंटू, राजा बस के मालिक राजा और बॉबी थे। अपराधियों ने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल समीर को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि समीर पिछले बहुत दिनों से जमीन का कारोबार कर रहा था और बैग का थोक व्यापार भी करता था। उसकी दो छोटी-छोटी बच्चियां हैं। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव को सुपूर्द एक खाक किया गया।




