हथियारों का जखीरा बरामद, लातेहार के मिर्चाइया जंगल सेगिरफ्तार नक्सलियों की निशानदेही पर कई हथियार और सैकड़ों कारतूस बरामद
Latehar : पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गारु थाना क्षेत्र के मिरचैया जंगल में छापामारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार एवं गोलाबारूद बरामद किया है। यह कार्रवाई गिरफ्तार नक्सली अभियुक्त मृत्युंजय भुईयां और बब्लू चंद्रवंशी उर्फ रोहित चंद्रवंशी की निशानदेही पर की गई।
गुरुवार को पुलिस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 मार्च को न्यायालय में पेशी के बाद दोनों अभियुक्तों को पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों ने अपने-अपने अपराध स्वीकार करते हुए जंगल में छिपाए गए हथियारों की जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि मृत्युंजय भुईयां ने मिरचैया जंगल में इंसास राइफल, कारतूस एवं पाउच जमीन में दबाकर रखने की बात स्वीकार की। वहीं, बब्लू राम ने अलग स्थान पर सेमी राइफल, .30 कार्बाइन राइफल, उनके कारतूस एवं पाउच छिपाकर रखने की जानकारी दी।सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष छापामारी दल का गठन कर मिरचैया जंगल में अभियान चलाया। अभियान के दौरान जमीन के अंदर करीब 1 से 1.5 फीट नीचे छिपाकर रखे गए हथियारों को बरामद किया गया।
बरामद सामग्री में शामिल है
एक इंसास राइफल,5.56 एमएम के 70 जिंदा कारतूस,इंसास राइफल के 3 मैगजीन,एक सेमी राइफल,.30-06 के 77 जिंदा कारतूस,एक .30 कार्बाइन राइफल,.430 एमएम के 23 जिंदा कारतूस,दो पिट्ठू बैग।

छापामारी अभियान में छिपादोहर थाना प्रभारी मो. याकिन अंसारी, गारु थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, विकासेंदु त्रिपाठी, श्यामलाल कपड़दार, प्रभारी सेट-1 सशस्त्र बल सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।



