
हर परिवार लगाए एक पौधा, तभी सुरक्षित रहेगा पर्यावरण:संजय प्रजापति
sanjay prajapati @ united palamu
लातेहार : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 दिन शुक्रवार को लातेहार जिला मुख्यालय के किनामाँर स्थित अपने आवासीय परिसर में पत्रकार संजय प्रजापति ने फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पत्रकार संजय प्रजापति ने लगाए फलदार व औषधीय पौधे

इस अवसर पर उन्होंने “प्रत्येक परिवार के नाम एक पौधा” अभियान के तहत पौधे लगाकर लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
पत्रकार संजय प्रजापति ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास भूमि कम है, वे घर का निर्माण छोटा करें, लेकिन आधे से अधिक स्थान पौधे लगाने और हरियाली विकसित करने के लिए अवश्य छोड़ें।उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। यही हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, विभिन्न प्रकार की औषधियां उपलब्ध कराते हैं तथा पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पेड़ों के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते तापमान की समस्या से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।संजय प्रजापति ने लोगों से अपने घर, आंगन, खेत और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।





