
हुसैनाबाद में दिव्यांगों व वरिष्ठजनों के लिए हुआ निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन
200 से अधिक लाभार्थियों की हुई स्क्रीनिंग
Digital Desk – United Palamu
Palamu : हुसैनाबाद प्रखंड सभागार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार की एडिप योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत दिव्यांगों और वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर बीडीओ सह सीडीपीओ सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें करीब 200 से अधिक दिव्यांगों व बुजुर्गों की विकलांगता संबंधी जांच की गई। शिविर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम(एलिम्को), रांची की तीन सदस्यीय टीम,जाहिद अंसारी, गौरव कुमार और अंकित बाजपेई ने दिव्यांगों व वरिष्ठजनों का मूल्यांकन कर उन्हें चिन्हित किया।
जरूरतमंद लाभार्थियों को मिलेगा जीवन सहायक उपकरण
टीम ने बताया कि जांच के बाद नियमानुसार जरूरतमंद लाभार्थियों को जीवन सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जांचोपरांत पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, हस्तचालित ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी/छड़ी, श्रवण यंत्र, स्मार्टफोन, दृष्टिबाधितों के लिए सफेद छड़ी व ब्रेल किट आदि दिए जाने का प्रावधान है। वहीं वरिष्ठजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी/छड़ी, श्रवण यंत्र, घुटना व कमर बेल्ट तथा कमोड चेयर उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग संघ के उमेश कुमार मेहता, पिंटू सिंह एवं अकील अजहर ख़ाँ, बाल विकास परियोजना से जुड़ी महिला पर्यवेक्षिकाएँ, सीमा झा, प्रेमलता कुजूर, किरण कुमारी और कान्ति देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सहायक उपकरण पहुंचाकर उनकी दैनिक जीवन-शैली को सहज बनाना बताया गया।





