
आजसू छात्र संघ का संगठन विस्तार, चार नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
Latehar : अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के केंद्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देश पर संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं छात्र-हितों के प्रति समर्पित बनाने के उद्देश्य से लातेहार जिला इकाई का विस्तार किया गया। इस क्रम में छात्र राजनीति में सक्रिय एवं छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्षरत कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर मनोनीत किया गया।
जिला छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य प्रकाश द्विवेदी द्वारा जारी मनोनयन पत्र के अनुसार प्रभाष आनंद को जिला छात्र संघ का उपाध्यक्ष, आकाश तिवारी को जिला उपाध्यक्ष, चंदन गुप्ता को बी.एस. कॉलेज प्रभारी तथा मनु कुमार को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आदित्य प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की समस्याओं को मजबूती से उठाना तथा उनके अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जिले में छात्र-हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे संगठन की नीतियों एवं सिद्धांतों के अनुरूप पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे तथा छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।




