
खनिज विधेयक वापस लेने की मांग को लेकर राजद ने निकाला जुलूस

Latehar : भारत सरकार द्वारा पारित खनिज विधेयक को वापस लेने की मांग को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में खनिज विधेयक को निरस्त करने की मांग की गई।
राजद जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने कहा कि खनिज संपदा में राज्य के हिस्से को समाप्त किए जाने से झारखंड को राजस्व का बड़ा नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड गरीब और आदिवासी बहुल राज्य है। खनिज से प्राप्त राजस्व का उपयोग जनहित और गरीबी उन्मूलन से जुड़े कार्यों में किया जाता है। ऐसे में राजस्व में कमी का सीधा असर विकास कार्यों पर पड़ेगा।
राजद प्रदेश सचिव रंजीत यादव ने कहा कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक पर पुनर्विचार करते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
जिला उपाध्यक्ष भोला सिंह ने कहा कि खनिज संसाधनों से राज्य को मिलने वाला राजस्व आम लोगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विधेयक से राज्य के हित प्रभावित होने की आशंका है। इसलिए इसे वापस लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में प्रधान महासचिव मोहर सिंह यादव, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष देववंश यादव, वरिष्ठ नेता बली यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू रंजन प्रसाद, युवा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बलराम साहू, मदन यादव, रविंद्र सोनी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज नारायण गिरी, महिला जिलाध्यक्ष निर्मला देवी, मनिका प्रखंड अध्यक्ष दामोदर यादव, बरवाडीह प्रखंड अध्यक्ष आदित्य कुमार, हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र यादव, मुन्ना खान, चंदवा प्रखंड अध्यक्ष राशिद खान, जिला सचिव संतोष यादव, बालूमाथ युवा प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, दिलीप यादव, जिला सचिव बलराम, मिट्ठू लोहार, प्रदीप यादव, उपेंद्र राम, सुरेश सिंह, विपिन कुमार यादव, संजय गोप, तपवन कुमार यादव, शायूब अंसारी, विजय कुमार, शंकर कुमार, सुनील यादव, अंकित यादव, विष्णुदेव यादव, चंद्रशेखर कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।




