
चटनाही रोड स्थित सौम्या मेडिकल में अवैध गर्भपात की आशंका, भ्रूण के अवशेष मिलने पर दुकान सील

Latehar : शहर के चटनाही रोड स्थित सौम्या मेडिकल दुकान में कथित रूप से अवैध गर्भपात कराए जाने की आशंका के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार देर रात छापेमारी कर मेडिकल दुकान और उससे जुड़े परिसर को सील कर दिया। कार्रवाई की शुरुआत उस समय हुई, जब नगर पंचायत के सफाईकर्मियों को कचरा उठाने के दौरान प्लास्टिक के एक थैले में करीब सात से आठ माह के भ्रूण के क्षत-विक्षत अवशेष मिले।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के सफाईकर्मी नियमित सफाई अभियान के दौरान मेडिकल वेस्ट एकत्र कर रहे थे। इसी दौरान एक प्लास्टिक की थैली में भ्रूण के अवशेष दिखाई दिए। घटना से स्तब्ध सफाईकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना नगर पंचायत के अधिकारियों को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने भ्रूण के अवशेषों की तस्वीर उपायुक्त संदीप कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दिनेश कुमार को भेजी। इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर एसडीओ दिनेश कुमार के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी टीम का गठन कर सौम्या मेडिकल दुकान एवं उसके पीछे स्थित परिसर की जांच की गई।
छापेमारी दल में प्रभारी सिविल सर्जन विवेक विद्यार्थी, अंचलाधिकारी नंदकुमार राम, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा तथा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन शामिल थे। टीम ने मेडिकल दुकान के साथ-साथ उसके पीछे बने कमरों की भी गहन तलाशी ली।

एसडीओ दिनेश कुमार ने दी जानकारी।
एसडीओ दिनेश कुमार ने बताया कि सफाईकर्मियों से मिली सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में ऐसे कई साक्ष्य मिले हैं, जिनसे परिसर में अवैध रूप से गर्भपात कराए जाने की आशंका प्रबल हुई है। उन्होंने बताया कि सामने से यह परिसर केवल मेडिकल दुकान प्रतीत होता था, जबकि भीतर कथित रूप से अस्पताल संचालित किया जा रहा था। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में गर्भपात से संबंधित दवाइयां, ऑपरेशन में प्रयुक्त होने वाली चिकित्सीय सामग्री तथा कुछ एक्सपायरी दवाइयां भी बरामद हुई हैं। इसके अलावा अस्पताल एवं मेडिकल दुकान के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और वैध ट्रेड लाइसेंस भी नहीं मिले। इसके बाद मेडिकल दुकान और परिसर को सील कर दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक सागर कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद भ्रूण के अवशेषों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए रांची भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि वैज्ञानिक जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की बहुस्तरीय जांच की जा रही है। चिकित्सकीय रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



