
ईंट-भट्ठा संचालकों के साथ न्याय करे जिला प्रशासन : रवि डे
Latehar : झाविस नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि ईंट-भट्ठा संचालक जिले के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ईंटों का निर्माण कर वे सरकारी एवं गैर-सरकारी निर्माण कार्यों को गति प्रदान करते हैं। इस व्यवसाय में पहले से ही कई तरह की चुनौतियां और आर्थिक जोखिम जुड़े हुए हैं। ऐसी स्थिति में ईंट-भट्ठा संचालकों पर 10 गुना रॉयल्टी का बोझ डालना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि रॉयल्टी में इतनी अधिक वृद्धि होने से भट्ठा संचालकों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा। ऐसी स्थिति में कई संचालक मजबूर होकर अपना व्यवसाय बंद कर सकते हैं। इसका सीधा असर जिले के हजारों मजदूरों के रोजगार पर पड़ेगा। साथ ही ईंटों का उत्पादन प्रभावित होने से सरकारी एवं गैर-सरकारी निर्माण कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होगी।
रवि डे ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि ईंट-भट्ठा संचालकों की समस्याओं और उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उनके साथ न्याय किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए, जिससे एक ओर स्थानीय उद्योग प्रभावित हो और दूसरी ओर हजारों मजदूरों की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाए। जिला प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए उचित पहल करनी चाहिए।




