
बरवाडीह के हरातू–चुंगरू में नल-जल योजना पर सवाल,निर्माण कार्य में गुणवता का अभाव
sanjay prajapati @ united palamu
Latehar : लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत हरातू एवं चुंगरू पंचायत में ‘हर घर नल-जल योजना’ का कार्य कागजों पर पूरा दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। योजना चालू होने के बावजूद ग्रामीणों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने संवेदक पर लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य का आरोप लगाया है।ग्रामीणों के अनुसार, नल लगाने के लिए की जा रही ढलाई में न तो पानी का समुचित पटवन किया जा रहा है और न ही गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। जलमीनार (वाटर टंकी) के स्ट्रक्चर के फाउंडेशन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। लोगों का कहना है कि फाउंडेशन की गहराई मानक के अनुरूप नहीं है। यदि दोबारा खुदाई कर जांच की जाए तो घटिया कार्य स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगा।इसके अलावा प्लेटफॉर्म की ढलाई भी निर्धारित मापदंड के अनुसार नहीं की गई है। पाइपलाइन बिछाने में भी भारी अनियमितता बरती जा रही है। जहां नियमानुसार पाइप को लगभग दो से तीन फीट गहराई में बिछाया जाना चाहिए, वहीं मात्र एक फीट गड्ढा खोदकर पाइप डाल दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी संवेदक पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के कार्य से सरकार की महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य विफल हो रहा है।

क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार महतो
इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार महतो ने कहा कि जल्द ही कार्यों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जूनियर इंजीनियर (JE) की निगरानी में कार्य को दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही संवेदक को चेतावनी दी गई है कि कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




