
विद्यालय में ओपन डे का हुआ सफल आयोजन

उपाख्यानात्मक विवरण एवं परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के माध्यम से अभिभावकों को दी गई विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी
लातेहार : सरस्वती विद्या मंदिर, धर्मपुर पथ, लातेहार में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के मूल्यांकन के उद्देश्य से ओपन डे का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर अपने पाल्यों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विद्यालयीन प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा प्रत्येक भैया-बहन का उपाख्यानात्मक विवरण तैयार कर अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों की परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएँ (कॉपियाँ) भी अभिभावकों को दिखाईं गईं। आचार्यों ने प्रत्येक विद्यार्थी की विषयवार उपलब्धियों, अध्ययन स्तर, अनुशासन, व्यवहार, उपस्थिति, सहशैक्षिक गतिविधियों तथा सुधार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इससे अभिभावकों को अपने पाल्यों की वास्तविक शैक्षणिक स्थिति एवं समग्र प्रगति का आकलन करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व निर्माण में विद्यालय और परिवार, दोनों की समान एवं महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के नियमित अध्ययन, उत्तम संस्कार, समयबद्ध दिनचर्या तथा सकारात्मक पारिवारिक वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ओपन डे के माध्यम से उन्हें अपने बच्चों की प्रगति को निकटता से समझने तथा आचार्यों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच निरंतर सहयोग, संवाद और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।




