
विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित
Latehar : झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सदस्य सुरेश पासवान की अध्यक्षता में लातेहार परिसदन सभागार में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष सुरेश पासवान ने विधानसभा में प्राप्त अनागत प्रश्नों के निष्पादन, विभागवार कार्रवाई की अद्यतन स्थिति तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा से प्राप्त सभी अनागत प्रश्नों का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्तर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करें।
उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही से संबंधित मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करें, ताकि जनहित से जुड़े विषयों का प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
समिति ने विशेष प्रमंडल, स्वास्थ्य , कृषि, सड़क, जल संसाधन, विद्युत, कल्याण, पर्यटन , खनन सहित कई विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित अनागत प्रश्नों की अद्यतन स्थिति से समिति को अवगत कराया तथा आवश्यक जानकारी एवं प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर नमन विक्सल कोनगाड़ी सदस्य, अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति, झारखण्ड, नरेश प्रसाद सिंह सदस्य, अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति, झारखण्ड, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




