
सौरभ के बयान के बाद कोयला चोरी पर कार्रवाई, पांच हाइवा जब्त
Latehar : जिले में अवैध कोयला उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज होती दिख रही है। सोमवार को सीआईएसएफ़, बालूमाथ पुलिस और सीसीएल की संयुक्त टीम ने मगध-आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के समीप कार्रवाई करते हुए पांच हाइवा वाहनों को जब्त किया। बताया जा रहा है कि वाहनों में अवैध रूप से कोयला लदा था। जब्त हाइवा को आगे की कार्रवाई के लिए बालूमाथ थाना लाया गया है।
गौरतलब है कि अवैध कोयला कारोबार को लेकर जेएमएम नेता सौरभ श्रीवास्तव ने हाल में कड़ा बयान देते हुए कहा था कि सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कोयला चोरी और तस्करी में शामिल लोगों को चेतावनी भी दी थी।
सौरभ के बयान के बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हाइवा में लदा कोयला कहां से आया और इसका गंतव्य क्या था। साथ ही अवैध कारोबार के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा सकती है।
फिलहाल पांच हाइवा की जब्ती के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।





