
हेलमेट व ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर चला जागरूकता अभियान, 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

Latehar : जिला मुख्यालय स्थित परिसदन भवन के समीप सोमवार देर शाम जिला परिवहन कार्यालय एवं सदर थाना के संयुक्त तत्वावधान में हेलमेट पहनने और नशे में वाहन नहीं चलाने को लेकर जागरूकता सह जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 38 हजार रुपये की जुर्माना राशि नकद वसूल की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और अनमोल जीवन की रक्षा की जा सकती है।
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, मुख्यालय डीएसपी, सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी मौजूद रहे।




