
एमएसीपी से वंचित करने के विरोध में शिक्षकों का काला बिल्ला प्रदर्शन

Latehar : झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ के बैनर तले लातेहार जिले के शिक्षकों ने शिक्षा विभाग द्वारा एमएसीपी का लाभ नहीं दिए जाने संबंधी जारी पत्र के विरोध में शनिवार को काला बिल्ला लगाकर शिक्षण कार्य किया। साथ ही शिक्षकों ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X), फेसबुक और इंस्टाग्राम पर व्यापक अभियान चलाकर अपनी मांग राज्य सरकार एवं जनमानस तक पहुंचाई।
संघ के जिला अध्यक्ष हीरा प्रसाद यादव ने कहा कि, “शिक्षकों को एमएसीपी से वंचित रखने का निर्णय न तो न्यायसंगत है और न ही संवैधानिक समानता की भावना के अनुरूप। जब राज्य के अन्य सभी कर्मियों को एमएसीपी एवं प्रोन्नति का अवसर मिलता है, तो शिक्षकों के साथ यह दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है? क्या शिक्षक राज्यकर्मी नहीं हैं?”
प्रदेश संगठन सचिव ब्रजेश कुमार सिंह एवं संयुक्त सचिव जगतमणि वैद्य ने कहा कि सरकार स्वयं विधानसभा में इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दे चुकी है तथा सत्तारूढ़ दल ने अपने घोषणा-पत्र में भी शिक्षकों को एमएसीपी देने का वादा किया था। ऐसे में शिक्षा विभाग का यह आदेश सरकार के आश्वासन के विपरीत और निराशाजनक है। उन्होंने सरकार से तत्काल आदेश की समीक्षा कर शिक्षकों को अन्य राज्यकर्मियों की तरह MACP का लाभ देने की मांग की।
जिला संगठन मंत्री विजय लाल एवं जिला उपाध्यक्ष रशीद अंसारी ने कहा कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो पूरे राज्य के शिक्षक एमएसीपी के अधिकार के लिए व्यापक आंदोलन करेंगे।
जिला सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, “आज का राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन यह स्पष्ट संदेश देता है कि शिक्षक अपने अधिकारों के मुद्दे पर पूरी तरह एकजुट हैं। हमारा आंदोलन किसी व्यक्ति या सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय, समानता और सरकार द्वारा किए गए वादों को लागू कराने के लिए है।”
इस विरोध कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश कुमार, अनु कुमार, राजीव कुमार, प्रियरंजन सिंह, उदय कुमार तिवारी, बलराम सिंह, अशोक कुमार सिंह, गोविंद पासवान, धीरज कुमार, रवि कुमार, संतोष कुमार, नीरज कुमार, संगीता कुमारी, पूजा कुमारी, रीना कुमारी, बिहारी राम, आलोक कुमार सिंह, गंगा यादव, कृष्ण कुमार भगत, बदरुल हसन, प्रदीप टोपनो सहित जिले के बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।




