
एसवीएम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व तैयारियों का हुआ आयोजन

Latehar : आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में, सरस्वती विद्या मंदिर, लातेहार में शुक्रवार को विशेष पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और ओम् के उच्चारण के साथ हुई। इस पूर्वाभ्यास सत्र में विद्यालय के प्रतिभागियों ने विभिन्न योग आसनों और प्राणायामों का सजीव प्रदर्शन किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों ने ताड़ासन, वृक्षासन, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और कपालभाति जैसे महत्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास किया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक शांति का आधार है। हम सभी को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर छात्रों में भारी उत्साह है और 21 जून को मुख्य कार्यक्रम में और भी अधिक ऊर्जा और अनुशासन के साथ योग का प्रदर्शन किया जाएगा।विद्यालय परिसर में आयोजित इस सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्रों को योग के वैज्ञानिक लाभों से परिचित कराना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




