
झारखंड एटीएस अब सीआईडी के अधीन करेगी कार्य, DGP ने जारी किया आदेश
Ranchi : झारखंड में देश विरोधी गतिविधियों और आतंकवाद से निपटने के लिए गठित आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) अब राज्य के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) के अधीन कार्य करेगा। इस संबंध में झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी किया।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में एटीएस को लेकर जारी सभी निर्देशों को निरस्त कर दिया गया है। अब एटीएस की सभी प्रशासनिक, अनुसंधान, जांच और परिचालन संबंधी गतिविधियां पूर्ण रूप से सीआईडी के निर्देशन में संचालित होंगी।
आदेश के अनुसार, झारखंड एटीएस का गठन वर्ष 2015 में आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से किया गया था। गृह कर एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अधिसूचना के तहत इसे राज्य स्तरीय थाने का दर्जा भी प्राप्त है। इसके अतिरिक्त अधिसूचना संख्या 102/2021 के माध्यम से एटीएस को संगठित अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए भी अधिकृत किया गया है।
डीजीपी के निर्देश में यह भी कहा गया है कि अब सभी मामलों की जांच सीआईडी के अधीन होगी तथा अनुसंधानकर्ता, पर्यवेक्षक अधिकारी की नियुक्ति, प्रगति प्रतिवेदन और पर्यवेक्षण संबंधी कार्य सीआईडी प्रमुख के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए जाएंगे।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि एटीएस का मुख्य कार्य आतंकवादियों से जुड़े नेटवर्क की पहचान, स्लीपर सेल का भंडाफोड़, आतंकी गतिविधियों की रोकथाम और संभावित आतंकी घटनाओं से निपटना रहेगा। इसके संचालन में पुलिस अधीक्षक एटीएस, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) के निर्देशन में कार्य करेंगे।



