
पलामू में औद्योगिक एवं पर्यटन के विकास को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले आनंद शंकर, सौंपा ज्ञापन
- खासमहाल का जल्द होगा निदान, मुख्यमंत्री ने किया आश्वस्त : आनंद शंकर
- पलामू में जल्द बनेगा नया औद्योगिक पार्क
- मुख्यमंत्री जल्द करेंगे झारखंड के व्यवसाईयों के साथ बैठक
Ranchi : पलामू चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर, झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सचिव रोहित अग्रवाल, संयुक्त सचिव रोहित पोद्दार, झारखंड चैंबर के रीजनल उपाध्यक्ष रिंकू दुबे, गिरिडीह के आयरन किंग अमरजीत सिंह सलूजा, झारखंड चैंबर के एग्जीक्यूटिव सदस्य राम बांगर और पलामू चेंबर के एग्जीक्यूटिव सदस्य फिरोजुद्दीन अंसारी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर पलामू में औद्योगिक एवं पर्यटन के विकास की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा की। साथ ही अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा।

आनंद शंकर ने सीएम से औद्योगिक क्षेत्र के लिए 50 एकड़ भूमि की मांग की
पलामू चेंबर के अध्यक्ष आनंद शंकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि पलामू प्रमंडल, झारखंड का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो तीन विकसित राज्यो : छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार से घिरा हुआ है और इसका मुख्यालय मेदिनीनगर है। भौगोलिक स्थिति के कारण, यहां औद्योगिक विकास के साथ-साथ बेतला नेशनल पार्क होने के चलते पर्यटन के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। श्री शंकर ने मुख्यमंत्री को बताया पलामू 100 वर्ष पुराना जिला है। यहां औद्योगिक क्षेत्र में अब कोई भी भूमि उद्योगों के लिए शेष नहीं है। अतः कम से कम 50 एकड़ भूमि एक नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए प्रदान किया की जाए। साथ ही बेतला नेशनल पार्क के निकट इको पार्क के लिए भी भूमि आवंटित की जाए। ताकि दोनों क्षेत्रों का संतुलित विकास हो सके।
आनंद शंकर ने मेदिनीनगर में एयरपोर्ट और सोलर प्लांट की रखी मांग
आनंद शंकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि 20 मेगावाट सोलर प्लांट परियोजना पिछले तीन वर्षों से 100 एकड़ भूमि की कमी के कारण रुकी हुई है। इसे शीघ्र प्रारंभ करने के लिए मलय डेम या कचरवा डेम में फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाने की पहल की जा सकती है। जिससे पलामू में बिजली का संकट दूर होगा। चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने मेदिनीनगर एयरपोर्ट को नागरिक उड़ानों के लिए चालू करने पर भी जोर दिया। ताकि बाहरी उद्यमियों के साथ-साथ बेतला नेशनल पार्क आने वाले पर्यटकों की सुविधा बढ़ सके। साथ ही एयर एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध हो सके।

रिजिनल उपाध्यक्ष रिंकू दुबे ने ट्रैफिक समस्या पर रखी बात
रिजिनल उपाध्यक्ष रिंकू दुबे ने ट्रैफिक समस्या पर बात रखते हुए कहा कि मेदिनीनगर प्रमंडल का मुख्यालय अब नगर निगम बन चुका है और यहां यातायात काफी बढ़ गया है। अतः एक ट्रैफिक थाना स्थापित करते हुए ट्रैफिक डीएसपी की पोस्टिंग की जाए। जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा : पलामू को जल्द मिलेगा सौगात
चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने एक बार फिर खासमहाल लीज को फ्री होल्ड करने की बात रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि जल्द सौगात मिलेगा। पलामू के विकास में जो भी सुझाव आए हैं, उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। बैठक में झारखंड चैंबर के भी पदाधिकारी उपस्थित थे।



