प्रभात मेहता हत्याकांड पर उठे सवाल, सीबीआई जांच की मांग
रूचिर तिवारी बोले- पुलिस की एसआईटी जांच पर भरोसा कैसे हो, जब आरोपों के घेरे में पुलिस ही
Palamu : पलामू भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पलामू जिला सचिव सह डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने प्रभात मेहता हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अथवा हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराने की मांग झारखंड सरकार से की है। उन्होंने कहा कि मामले में जिस तरह के सवाल सामने आ रहे हैं, उससे निष्पक्ष जांच को लेकर गंभीर संदेह पैदा हो रहा है।

रूचिर तिवारी ने कहा कि प्रभात मेहता के भाई करीब एक सप्ताह पहले उनके आवास पर आए थे और उन्होंने पूरे मामले की जानकारी उन्हें दी थी। उनके अनुसार प्रभात मेहता 23 मई को अपने घर से लापता हुए थे और 27 मई को उनका शव बरामद हुआ। प्रभात के भाई का आरोप है कि उन्हें पलामू के आरक्षी अधीक्षक की ओर से बताया गया था कि उनका भाई पुलिस कस्टडी में है। बाद में कथित तौर पर पुलिस की ओर से यह कहते हुए बात बदल दी गई कि गलतफहमी हो गई थी।श्री तिवारी ने कहा कि प्रभात मेहता पुलिस के लिए मुखबिरी का काम करता था। ऐसे में उसकी मौत की परिस्थितियों और पुलिस से जुड़े कथित पहलुओं की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मामले को लेकर मीडिया में भी पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आ सकती है।उन्होंने कहा कि पलामू पुलिस की ओर से मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की बात कही गई है। लेकिन सवाल यह है कि यदि आरोपों का एक पहलू पुलिस से ही जुड़ा है तो पुलिस अधिकारियों की जांच भी पुलिस अधिकारी ही करेंगे। ऐसी स्थिति में जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। श्री तिवारी ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में बाहरी और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना ही उचित होगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभात मेहता हत्याकांड की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज या सीबीआई से कराई जाए, ताकि किसी भी पक्ष के प्रभाव की आशंका न रहे और सच्चाई सामने आ सके।उन्होंने साथ ही प्रभात मेहता के भाई को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। तिवारी के अनुसार प्रभात के भाई लगातार अपनी जान को खतरा बताते हुए आशंका जता रहे हैं कि उनकी भी हत्या हो सकती है। उन्होंने झारखंड सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके भाई की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।




