बोरसीदाग पुल के पास बोलेरो पुल से नीचे गिरी, छह घायल; दो की हालत गंभीर

लातेहार:चंदवा प्रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर स्थित बोरसीदाग पुल के समीप रविवार को एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। इस दुर्घटना में वाहन सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों की पहचान फूलमनिया देवी, सरयू उरांव, रीना कुमारी, पिंकी कुमारी, सोनवा देवी एवं कार्तिक उरांव (सभी निवासी बरछिया, बारियातु) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा लाया गया। यहां डॉ. कंचन बाड़ा एवं उनकी टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार गंभीर रूप से घायल रीना व पिंकी को रिम्स रेफर किया गया जबकि फूलमानिया व सोनवा देवी को सदर अस्पताल लातेहार भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लोग बोलेरो वाहन से कुड़ू प्रखंड के जोंजरो गांव में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरसीदाग पुल के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सीधे पुल के नीचे जा गिरी। घटना की सूचना पर चंदवा थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को पुल के नीचे से बाहर निकाला गया।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पूर्व भी एक एक्सयूवी वाहन पुल के नीचे गिर गया था, जिसमें वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि उस घटना में सवार लोगों को मामूली चोटें आई थीं। ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कार्य कर रही कंपनी पर नियम कि अनदेखी कर कार्य करने कि बात कही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को दुरुस्त करने की मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!