लेसलीगंज : नदी पर पाइप डालकर ग्रामीणों ने स्वयं बनाया रास्ता, वर्षों से पुल का इंतजार
Palamu : सरकारी व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से परेशान जुरु पंचायत के जैतूखाड़ गांव के ग्रामीणों ने खुद ही अपनी समस्या दूर करने की पहल की है।ग्रामीणों ने निजी खर्च और श्रमदान से मलय नदी पर पाइप डालकर आवागमन का रास्ता बनाया है। जैतूखाड़ गांव तीन तरफ से नदी से घिरा है। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता मलय नदी से होकर गुजरता है। पुल नहीं होने से बरसात में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण गांव का संपर्क मुख्य सड़क से कट जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार पलामू उपायुक्त को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। बच्चों को स्कूल जाने में और बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में भारी परेशानी होती है।रोजी-रोजगार और जरूरी कामों के लिए भी लोगों को जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ती है।इसी मजबूरी में ग्रामीणों ने यह कदम उठाया है।
इस पहल में सुनील कुमार पासवान, बिन्स कुमार, अनुज कुमार, हंस कुमार, दिनेश पासवान, छोटू पासवान, मुकेश शर्मा, बबन राम, अजीत कुमार, राकेश कुमार, विकेश कुमार, पप्पू कुमार, बिगावन पासवान, सुरेंद्र पासवान, नन्दलाल पासवान, सन्नी पासवान, भीम पासवान, मिथलेश पासवान और विकाश कुमार शर्मा सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी पर स्थायी पुल निर्माण कराने की मांग की है।



