
लातेहार में लूट-खसोट और भ्रष्टाचार चरम पर : रवि डे
Latehar: झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि लातेहार जिले में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। जिसे जहां मौका मिल रहा है, वह वहीं लूट-खसोट में लगा हुआ है।उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमएफटी फंड की राशि से शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के नाम पर विगत चार वर्षों में करोड़ों रुपये की लूट हुई है, जो अब भी जारी है। मनरेगा योजना की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। जनता का एक भी कार्य सही ढंग से नहीं हो रहा है और लोग अंचल एवं प्रखंड कार्यालयों का चक्कर लगाते-लगाते परेशान हो चुके हैं।रवि डे ने कहा कि सिकनी कोलियरी के बंद होने से सरकार को अरबों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। जिले में आने वाले आला अधिकारी शुरुआत में स्वयं को ईमानदार साबित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन बाद में व्यवस्था का हिस्सा बन जाते हैं।और कौड़ी के भाव अपना ईमान बेचना शुरू कर देते हैं।उन्होंने वन विभाग पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वन विभाग में भी लूट-खसोट चरम पर है तथा पीटीआर क्षेत्रों में करोड़ों रुपये का खेल चल रहा है। इस प्रकार के भ्रष्टाचार के कारण झारखंड सरकार की छवि लगातार खराब हो रही है।उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि भ्रष्ट अधिकारियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का भरोसा प्रशासन पर बना रहे।





