विश्व आदिवासी दिवस पर टाउन हॉल, लातेहार में कार्यक्रम का हुआ आयोजन

उपायुक्त संदीप कुमार ने ब्लड डोनेशन कैंप में रक्तदान कर दिया प्रेरक संदेश

Latehar : विश्व आदिवासी दिवस-2026 के अवसर पर आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं लोक कलाओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन, लातेहार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त संदीप कुमार सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत पौधा एवं मोमेंटो भेंट कर किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, कला, भाषा एवं लोक विरासत झारखंड की विशिष्ट पहचान है।

विश्व आदिवासी दिवस हमें आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष, संस्कृति एवं परंपराओं को याद करने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है।

छऊ नृत्य एवं लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान नील कमल संस्था द्वारा आदिवासी लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही सरायकेला एवं खरसावां शैली के छऊ नृत्य तथा पुरुलिया शैली के छऊ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध लोक परंपरा और आदिवासी जीवनशैली की जीवंत झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में ट्रेडिशनल म्यूजिकल शो का भी आयोजन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।


आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों एवं प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के दौरान झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सामुदायिक वन पट्टा से संबंधित लाभुकों को भी सम्मानित किया गया।नीलांबर पीतांबर के वंशज कोमल सिंह खरवार को उपयुक्त द्वारा आदिवासी झारखंड आदिवासी महोत्सव के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम स्थल में मोमेंटो सोल देकर सम्मानित किया गया।विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों एवं खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों द्वारा स्टॉलों का भ्रमण कर विभागीय गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी ली गई।


नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण


कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभुकों एवं चयनित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। इसके माध्यम से लाभुकों को स्वरोजगार, आजीविका एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को बल मिला।कार्यक्रम स्थल पर ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार ने स्वयं रक्तदान कर आमजनों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने विवेकानंद पार्क स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने किन्नमाड़ मोड़ स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, योगदान एवं आदिवासी समाज के उत्थान के लिए उनके प्रयासों को स्मरण किया।इस अवसर पर जिला के जनप्रतिनिधि,विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष अन्य गणमान्य व्यक्ति ,जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, कलाकार, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!